No products in the cart.
अप्रैल 24 – वह सब कुछ पूरा करेगा।
“यहोवा मेरे लिये सब कुछ पूरा करेगा; हे यहोवा तेरी करुणा सदा की है. तू अपने हाथों के कार्यों को त्याग न दे.” (भजन संहिता 138:8)
आज दुनिया में बहुत से लोग दुख में पुकारते हैं: मेरा पक्ष कौन लेगा? मेरी मदद कौन करेगा? मेरे मामलों की ज़िम्मेदारी कौन लेगा और उन्हें पूरा कौन करेगा?
लेकिन दाऊद ने अपने सारे बोझ और अपना सारा भरोसा यहोवा पर डाल दिया और पूरे विश्वास के साथ घोषणा की, “यहोवा मेरे विषय के सब काम पूरा करेगा.”
एक बार एक आदमी कई वर्षों तक किराए के घर में रहा और बहुत परेशान हो गया. उसके पास अपना घर बनाने के लिए पैसे नहीं थे और वह सोचता था कि वह क्या करे. आज के वादे वाले वचन को मज़बूती से थामकर, उसने विश्वास के साथ पूरी लगन से प्रार्थना करना शुरू कर दिया. यहोवा ने हर चीज़ का ध्यान रखा और ज़रूरी पैसे का इंतज़ाम कर दिया.
हालाँकि, उसके पास निर्माण कार्य की देखरेख करने की काबिलियत नहीं थी. उसे डर था कि ठेकेदार उसके पैसे लेकर उसे धोखा दे सकते हैं. एक बार फिर उसने उस वादे पर भरोसा किया और विश्वास के साथ घोषणा की, “यहोवा मेरे विषय के सब काम पूरा करेगा.”
फिर, अचानक, एक पुराना दोस्त जो निर्माण कार्य में अनुभवी था, आगे आया और काम की ज़िम्मेदारी ले ली. आखिर में, उसके लिए एक सुंदर घर बनकर तैयार हो गया.
यहोवा कहता है: “… मैं तो सब प्राणियों का परमेश्वर यहोवा हूँ; क्या मेरे लिये कोई भी काम कठिन है?” (यिर्मयाह 32:27)
अपने परमेश्वर यहोवा की ओर देखे, जिसकी आप आराधना करते है. वह आपसे प्रेम करता है, और वह आपके लिए सब कुछ पूरा करने में पूरी तरह समर्थ है. वह पत्थरों से भी अब्राहम के लिए संतान पैदा करने में समर्थ है (लूका 3:8). भले ही आग की लपटें आपको घेर लें, वह आपको आग से बचाने में समर्थ रखता है (दानिय्येल 3:27).
वह अपने किए हुए वादे को पूरा करने में समर्थ है (रोमियों 4:21). वह आपकी माँग या सोच से कहीं ज़्यादा आपको आशीष देने में समर्थ है (इफिसियों 3:20). और जो कुछ अपने उसे सौंपा है, वह अंत के दिन तक उसे सुरक्षित रखने में समर्थ है (2 तीमुथियुस 1:12).
हो सकता है कि आपके आस-पास के हालात डरावने हों. डॉक्टरों ने शायद कह दिया हो कि यह नामुमकिन है. वकीलों ने शायद कह दिया हो कि यह नहीं हो सकता. दुश्मन शायद आपके कानों में निराशा भरे शब्द फुसफुसा रहे हो: शादी नहीं होगी; तुम्हें कभी संतान नहीं होगी; तुम्हें कभी नौकरी नहीं मिलेगी; वरना आपकी सेवा कभी फलेगी-फूलेगी नही और भी बहुत कुछ.
डरे नहीं. जो आपके साथ है, वह सर्वशक्तिमान परमेश्वर है. हर परिस्थिति में, अपनी आँखें केवल उसी पर टिकाए रखे—प्रेम और भरोसे के साथ—और यह घोषणा करे: “प्रभु मेरे सारे काम पूरे करेगा.”
जिसने सृष्टि के समय आपके लिए सब कुछ पूरा किया, और जिसने कलवरी के क्रूस पर आपके लिए सब कुछ पूरा किया, वह आपकी वर्तमान परिस्थिति में भी आपके लिए सब कुछ ज़रूर पूरा करेगा.
परमेश्वर के प्रिय लोगों, प्रभु आपके लिए सब कुछ पूरा करेंगे. उसके वादे ज़रूर पूरे होंगे.
मनन के लिए वचन: “मैं परम प्रधान परमेश्वर को पुकारूंगा, ईश्वर को जो मेरे लिये सब कुछ सिद्ध करता है.” (भजन संहिता 57:2)
